रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से जम्मू में सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा बनाए गए 6 नए पुलों का उदघाटन किया। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि मुझे यह कहते हुए गर्व महसूस हो रहा है कि इन पुलों का निर्माण दुश्मनों द्वारा निरंतर सीमा पर गोलीबारी के बावजूद समय पर हो गया है।इन पुलों का निर्माण लगभग 43 करोड़ की लागत से हुआ।
इस मौके पर BRO के डायरेक्टर बीआरओ चीफ लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने बताया कि 17 पुल बनाए जा रहे हैं जिनमें से 6 पूरे हो गए हैं। शेष पांच पुल अगले महीने तक बन कर तैयार हो जाएंगे। बाकी मार्च 2021 तक बना लिए जाएंगे। इन 6 पुलों में से 4 अखनूर सेक्टर में है, जिनमें पलानी ब्रिज, घोड़ा ब्रिज, फाडी वाला ब्रिज शामिल हैं। इसके अलावा दो ब्रिज जम्मू सेक्टर में हैं। कोरोना संकट के बीच भी लॉकडाउन घोषित होने के साथ ही BRO ने तीन बड़े पुल तैयार कर लिए थे। दिल्ली से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा स्थानीय सांसद एवं प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह लोकार्पण के दौरान मौजूद रहे।