विजय नगर इलाके में देर रात एक पत्रकार को गोली मारी गई, जब वह अपनी बेटी के साथ बाइक पर सवार थे।घटना तब हुई जब पत्रकार विक्रम जोशी अपनी बहन के घर से लौट रहे थे।घात लगाए पांच हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया और उन पर हमला कर दिया।
बता दें की पत्रकार को उनकी बेटी के सामने गोली मार दी गई। गोली मारने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।दबंगों ने 30 सेकंड से भी कम समय में घटना को अंजाम दिया और भाग गए।कैमरे में देखा जा सकता है, घबराई मासूम बच्ची पहले तो डरकर दूर भागी, फिर बदमाशों के जाने के बाद अपने पापा को बचाने के लिए मदद के लिए रोने और चीखने लगी।जोशी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है,डाॅक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर रखे हुए है।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी अनुसार विक्रम जोशी ने विजय नगर पुलिस स्टेशन में कुछ दिनों पहले एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने कुछ लोगों पर उनकी भांजी के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाया था।विक्रम के भाई अनिकेत जोशी ने कहा, “कुछ लोग कुछ दिन पहले हमारी भांजी के साथ छेड़खानी कर उसे परेशान कर रहे थे और मेरे भाई विक्रम जोशी ने इसका विरोध किया था और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी, जिसके बाद उन बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।” गाजियाबाद पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया है।