कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को गुरुवार को दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया है। यहां पर उनकी सेहत की नियमित जांच की जाएगी।
इससे पहले दिन में सोनिया गांधी ने पार्टी के राज्यसभा सदस्यों के साथ बैठक कर वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर उनके साथ चर्चा कीं। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हुई जिसमें पूर्व पीएम मनमोहन सिंह समेत पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद थे। कांग्रेस की ओर से इस बैठक का आयोजन वर्चुअल तरीके से किया गया, जिसमें सोनिया गांधी ने अलग-अलग राज्यों से चुने गए राज्यसभा सांसदों से चर्चा की। कोरोना संकट, राजनीतिक माहौल को लेकर चर्चा की गई। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सांसदों को संबोधित भी किया।
अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि सोनिया गांधी को शाम करीब 7 बजे नियमित जांच के लिए भर्ती कराया गया।उनकी हालत स्थिर है।बता दें कि करीब छह महीने पहले भी कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पेट दर्द की शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में ही भर्ती करवाया गया था। इसके बाद यहां उनसे मिलने के लिए कई नेताओं का जमावड़ा लग गया था। बता दें कि 73 वर्षीय सोनिया गांधी बीते कुछ वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं। वहीं, पिछले साल तक सोनिया गांधी मेडिकल चेकअप के लिए अमेरिका जाती रही हैं। इस दौरान उनके बेटे राहुल गांधी या बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा साथ ही जाते हैं।