महर्षि विद्या मंदिर, अल्मोड़ा में कक्षा 6 में पढ़ने वाली होनहार बच्ची तनीषा पोखरिया ने इस बार चीन की राखियों को दरकिनार कर स्वयं राखियां निर्मित की हैं। जहां एक तरफ भारत ने चीन के ऐप को प्रतिबंधित किया है, वहीं भारत के लोगों ने चीन की राखियां न खरीद कर स्वयं निर्मित कर आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए अपना योगदान देना शुरू किया है। इसी में तनीषा पोखरिया भी एक हैं। तनीषा बताती हैं कि उन्होंने यह राखियां एक दिन में बनाई हैं और वह अपने भाई-बहनों, दोस्तों को आत्मनिर्भर भारत बनाने की बात भी कह रही हैं। कोरोना के संक्रमण को देखते हुए वह कहती हैं कि हमें कोविड-19 के नियमों का पालन आवश्यक रूप से करना चाहिए। यह बताते चलें कि तनीषा पोखरिया के पिता श्री देवेंद्र सिंह पोखरिया अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना परिसर में कार्यरत हैं। वह बताते हैं कि इस बार तनीषा ने खुद राखियां बनाकर चीन को संदेश दिया है कि भारत की संप्रभुता की रक्षा के लिए बच्चे-बच्चे भी देश के साथ खड़े हैं।