प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक घंटे के अंदर गोली से छलनी करने की धमकी देने के आरोपी को थाना फेस-3 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस व्यक्ति ने 112 नंबर पर पुलिस को फोन कर कहा कि वह एक घंटे के भीतर प्रधानमंत्री को गोलियों से भून देगा। इसके बाद पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई।
आरोपी ने फोन पर काफी अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया। इसके बाद कॉल 112 मुख्यालय लखनऊ से तुरंत नोएडा पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामूरा गांव से 33 वर्षीय हरभजन सिंह नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से यमुनानगर गाधरी हरियाणा का रहने वाला है। फिलहाल आरोपी नोएडा के सेक्टर-66 में रह रहा था। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है। उसने इस तरह का फोन क्यों किया, इसके बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के वक्त आरोपी शराब के नशे में था।