मल्ला महल निर्माण कार्य का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी पर भड़के लोग, जुलूस निकाल जताई नाराजगी, आंदोलन तीव्र करने का ऐलान…..

आज कलक्ट्रेट परिसर अल्मोड़ा में धरने को पहुंचे वरिष्ठ पत्रकार व उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी समेत कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। काफी जन दबाव के कारण उन्हें कुछ घंटे के बाद ही छोड़ना पड़ा।

दरअसल, सांस्कृतिक ऐतिहासिक धरोहर बचाओं संघर्ष समिति की ओर से आज यानि 7 जनवरी को कलक्ट्रेट में चल रहे निर्माण व संरक्षण कार्य के लिए धरने का ऐलान किया था। तय कार्यक्रम के मुताबिक वरिष्ठ पत्रकार पीसी तिवारी, नगर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी समेत कई लोग दिन में करीब 12 बजे धरने को कलक्ट्रेट स्थित डीएम कार्यालय के प्रांगण में पहुंचे। वहां मौजूद उपजिलाधिकारी से काफी देर तक समिति के लोगों से वार्ता हुई। लेकिन सभी लोग धरना देने को लेकर अड़े रहे। जिस पर पुलिस ने वरिष्ठ पत्रकार पीसी तिवारी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, सीटू के जिलाध्यक्ष दिनेश पांडे, आनन्दी वर्मा समेत कई लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। धरने को लेकर कलक्ट्रेट में भारी मात्रा में पुलिस बल मौजूद था।

रिहाई के बाद प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए माल रोड और बाजार में जुलूस निकाला। इसके अलावा विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जिला प्रशासन की कथित तानाशाही के खिलाफ आंदोलन को तेज करने की बात कही।

वहीं दूसरी तफर पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में नारेबाजी की और प्रशासन का पुतला दहन किया गया।