भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के अल्मोड़ा आगमन पर कांग्रेस व युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाएं काले झंडे और जमकर की नारेबाजी

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत आज अल्मोड़ा जिले में भ्रमण के दौरान आज अल्मोड़ा विधानसभा में पहुंचे। इस दौरान उन्हें कांग्रेस का भारी विरोध का ​सामना करना पड़ा। कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाएं और जमकर नारेबाजी की।

बता दें कि कुछ दिन पूर्व नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डॉ. इंदिरा हृदयेश पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भयंकर आक्रोश है। हालांकि, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत टवीटर पर पार्टी की ओर से स्वयं नेता प्रतिपक्ष से माफी मांग चुके हैं और प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत स्वयं ट्विटर के माध्यम से बयान वापस लेने कि बात कह चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी कांग्रेसियों में भारी आक्रोश है।

प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के आज अल्मोड़ा विधानसभा दौरे पर पहुंचने की भनक लगते ही कांग्रेस कमेटी, यूथ कांग्रेस व महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता अल्मोड़ा में बस स्टेशन के पास एक होटल में आयोजित कार्यक्रम स्थल के बाहर पहुंचे, लेकिन इससे पहले भी पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निर्मल रावत ने कहा कि कांग्रेस नारी के सम्मान में आंच नहीं आने देगी, पूर्व में सीएम द्वारा एक शिक्षिका का अपमान किया और अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा एक वरिष्ठ महिला नेता पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई जो बीजेपी के नेताओं को महिलाओं के प्रति सोच को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक प्रदर्शन करेगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “बंशीधर भगत गो बैक” के नारे लगाए।