उत्तराखंड में बर्ड फ्लू ने दी दस्तक, अब तक उत्तराखंड में 700 से ज्यादा पक्षी मिले मृत।

उत्तराखंड में बर्ड फ्लू ने अपनी दस्तक दे दी है। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से जगह-जगह पक्षियों के मृत मिलने की खबरें आ रही थीं। केंद्र ने भी उत्तराखंड में बर्ड फ्लू के केस मिलने की पुष्टि की है। उत्तराखंड के साथ-साथ दिल्ली और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में भी इस वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। 10 जनवरी तक सात राज्यों केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू के प्रकोप की पुष्टि हुई थी। अब इस लिस्ट में उत्तराखंड का नाम भी शामिल हो गया है। प्रदेश में पिछले कई दिनों से पक्षियों के मृत मिलने की सूचनाएं मिल रही थीं। रविवार को भी देहरादून में दो सौ से ज्यादा कौवे मृत मिले। केंद्र ने राज्यों को जनता के बीच जागरुकता फैलाने और फर्जी सूचनाओं के प्रसार की रोकथाम के निर्देश दिए हैं। केंद्र ने सभी राज्यों को जलाश्यों, पक्षी बाजारों, मुर्गी पालन केंद्रों और चिड़ियाघर के आसपास निगरानी बढ़ाने को कहा है। साथ ही मृत पक्षियों को प्रोटोकॉल के तहत दफनाने के निर्देश दिए हैं।