मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की कैबिनेट में कई नए नाम शामिल हो सकते हैं। इसमें प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत से लेकर रितु खंडूरी, बिशन सिंह चुफाल, पुष्कर सिंह धामी आदि कई नाम चर्चाओं में है। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चाएं भी जोरों पर हैं। कई वर्तमान मंत्री और राज्य मंत्रियों की कुर्सी भी खतरे में है, उनकी जगह नए नाम शामिल किए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि तीरथ सिंह रावत की कैबिनेट में 11 मंत्री शपथ लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत को मंत्रिमंडल में शामिल करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष में भी कोई नया नाम देखने को मिल सकता है। प्रदेश अध्यक्ष की रेस में मदन कौशिक को बताया जा रहा है। आज शाम 5 बजे राजभवन में नए मंत्रियों का शपथग्रहण समारोह होगा।
