भाजपा सरकार के 4 साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर आम आदमी पार्टी के कीर्तिनगर के कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाकर धरना दिया

भाजपा सरकार के 4 साल का कार्यकाल पूर्ण होने पर आम आदमी पार्टी के कीर्तिनगर के कार्यकर्ताओं ने काला दिवस मनाकर कीर्तिनगर में धरना दिया और शोक सभा आयोजित की। कीर्तिनगर के इंद्रमणि चौक पर आयोजित सभा में देवप्रयाग उपाध्यक्ष गणेश भट्ट के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार से जवाब दो हिसाब दो के नारे के साथ धरना प्रदर्शन किया।

देवप्रयाग उपाध्यक्ष गणेश भट्ट ने कहा कि भाजपा राज के इन चार सालों में आज भी देवप्रयाग में बेरोजगारी चरम पर है, लोग पानी की कमी से परेशान हैं, बिजली के भारी बिलों से देवप्रयाग की जनता पीड़ित है। मलेथा, रानिहाट, नैथाना रेलवे परियोजना, चौरास बांध परियोजना में स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। हर घर नल लग रहा है पर जल कब मिलेगा ये पता नहीं। आज भी भाजपा राज में देवप्रयाग सहित पूरे पहाड़ में जनता के हालात जस के तस हैं। उत्तराखंड की जनता ने भाजपा का डबल इंजन तो लगाया पर यह डबल इंजन इन चार सालों में पहाड़ के गांवों तक नहीं पहुंच पाया।

इस मौके पर आप कार्यकर्ताओं ने जवाब दो हिसाब दो का हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इस मौके पर आप पार्टी के संगठन मंत्री धर्म सिंह चौहान, रविन्द्र बिष्ट, कुलदीप राणा, योगेन्द्र रावत, रोशन सेमवाल, हरदेव कुमार, रविन्द्र कठैत सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।