शोधार्थी कल्पना उप्रेती राष्ट्रीय गौरव सम्मान -2025 के लिए चयनित

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग की शोधार्थी कल्पना उप्रेती राष्ट्रीय गौरव सम्मान 2025 के लिए चयनित हुई है।यह सम्मान भारत सरकार के नीति आयोग के तत्वाधान में हरियाणा की “विलक्षण एक सार्थक पहल समिति” द्वारा प्रदान किया जाएगा। शोधार्थी कल्पना उप्रेती को यह सम्मान आज 9 फरवरी को रोहतक (हरियाणा) में प्रदान किया जाएगा। सम्मान के रूप में उन्हें प्रमाण पत्र, प्रतीक चिन्ह व धनराशि प्रदान की जाएगी। यह सम्मान शिक्षा, शोध व सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया जाता है। इस सम्मान हेतु देश भर से 16 प्राध्यापकों व दो शोधार्थियों का चयन किया गया है। शोधार्थी कल्पना उप्रेती को यह सम्मान उनके शोध व लेखन कार्यों की मौलिकता व सृजनात्मक को देखते हुए प्रदान किया जा रहा है। कल्पना उप्रेती को उनके शोध कार्यों हेतु त्रिभुवन विश्वविद्यालय काठमांडू, नेपाल द्वारा 2023 में “शिक्षा गौरव सम्मान” व 2024 में “उत्कृष्ट अन्वेषण सम्मान” भी प्रदान किया जा चुका है। कल्पना उप्रेती ने विभिन्न राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय संघोष्ठियों में प्रतिभाग कर शोध पत्रों को प्रस्तुत किया है तथा अनेक पत्र पत्रिकाओं व समीक्षा पत्रों में शोध पत्रों को प्रकाशित किया है। उनके द्वारा अनेक पुस्तकों के अध्यायों को लिखा जा चुका है तथा दो पुस्तक भी प्रकाशित की जा चुकी हैं। शोधार्थी कल्पना उप्रेती शोध व शिक्षण कार्यों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों हेतु भी प्रयासरत है। वह “सोच” संस्था के माध्यम से अपने साथियों के साथ मिलकर “menstrual health” के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रही हैं। 

कल्पना उप्रेती भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित यूजीसी नेट की परीक्षा 98.6 परसेंटाइल के साथ उत्तीर्ण कर अस्सिटेंट प्रोफेसर की अर्हता प्राप्त कर चुकी है। 

कल्पना उप्रेती के राष्ट्रीय गौरव सम्मान 2025 हेतु चयनित होने पर सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति महोदय प्रोफेसर सतपाल सिंह बिष्ट, कुलसचिव व कल्पना के शोध निदेशक डॉक्टर देवेंद्र सिंह बिष्ट, शिक्षा संकाय की संकायाध्यक्ष प्रो. भीमा मनराल शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉक्टर रिजवाना सिद्दीकी सहित अनेक प्राध्यापकों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।