त्रिशूल पर्वत पर हिमस्खलन की चपेट में आए नौसैनिक अभियान के चार पर्वतारोहियों के शव रविवार को विशेष विमान से नौसेना मुख्यालय भेजे गए। अधिकारियों ने बताया कि नौसेना मुख्यालय से उनके पार्थिव शरीर उनके पैतृक स्थानों पर भेजे जाएंगे।
इनकी पहचान लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव, लेफ्टिनेंट कमांडर योगेश तिवारी, लेफ्टिनेंट कमांडर अनंत कुकरेती और हरिओम हरिओम एमसीपीओ के रूप में हुई है।
आपको बता दें कि त्रिशूल पर्वत पर नौसैनिक अभियान के छह सदस्यों में से चार के शव शनिवार को एक हिमस्खलन में लापता होने के एक दिन बाद बरामद किए गए थे। रविवार को सेना के हेलीकॉप्टर से चारों शवों को जोशीमठ लाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने उनका पोस्टमॉर्टम किया जिसके बाद शवों को सेना को सौंप दिया गया।
फिर शवों को भारतीय वायु सेना के एक विशेष विमान द्वारा नौसेना मुख्यालय ले जाया गया। इस बीच, हिमस्खलन के बाद से लापता एक नौसैनिक और एक शेरपा का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
भारतीय नौसेना की 20 सदस्यीय टीम 7,120 मीटर ऊंचे त्रिशूल पर्वत पर एक अभियान पर थी।
शुक्रवार को, 10 सदस्यीय समूह ने चढ़ाई शुरू की लेकिन 6,700 मीटर की ऊंचाई पर हिमस्खलन में फंस गया। सुबह करीब पांच बजे आए हिमस्खलन के बाद पांच पर्वतारोही और एक शेरपा लापता हो गए थे।
ये भी पढ़े : – दुखद : नहीं रही टिहरी की राजमाता सूरज कुंवर शाह