पहली बार वाॅरशिप पर 2 महिला अफसरों को तैनात करेगी नौसेना,जानें कौन हैं ये दोनों महिला अफसर

भारतीय नौसेना इतिहास रचने को तैयार है। पहली बार महिला अधिकारियों को नौसेना की हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी दी गई है। पहली बार दो महिला अधिकारियों का चयन किया गया है, जो वॉर शिप में तैनात रहने वाले लड़ाकू विमानों को ऑपरेट करेंगी। इन दो महिला अफसरों के नाम सब लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह है। इन दोनों को हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में ऑब्जर्वर के पद के लिए चुना गया है।भारतीय नौसेना के इतिहास में यह पहली बार है जब दो महिला अफसर को वॉर शिप पर तैनात किया जाएगा।
सोमवार को कोच्चि में आईएनएस गरूढ़ पर हुए एक कार्यक्रम के दौरान ऑब्जर्वर की पोस्ट दी गई। इस दौरान नेवी के 17 अन्य अफसरों, जिसमें चार महिलाएं, तीन कोस्ट गार्ड के अफसरों को भी पोस्ट दी गई। रियर एडमिरल ए. जाॅर्ज ने यहां सभी अफसरों को अवॉर्ड दिया और विंग पोस्ट से सम्मानित किया। जिन अफसरों ने क्वालिफाइड नेविगेशन इंस्ट्रक्टर्स का कोर्स पूरा किया है, उन 6 अफसरों को भी यहां सम्मानित किया गया।
भारतीय वायुसेना की एक महिला लड़ाकू पायलट जल्द ही ‘गोल्डन ऐरो’ स्क्वाड्रन में शामिल होंगी जिसमें हाल ही में राफेल युद्धक विमानों को शामिल किया गया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह महिला पायलट राफेल विमान उड़ाने का प्रशिक्षण ले रही हैं। सूत्रों ने कहा कि वह मिग-21 लड़ाकू विमान उड़ाती रही हैं और उन्हें राफेल के लिए आंतरिक चयन प्रक्रिया द्वारा चुना गया है। वतर्मान में भारतीय वायुसेना में लड़ाकू विमान उड़ाने वाली 10 महिला पायलट और 18 महिला नेविगेटर हैं। वायुसेना में इस समय महिला अधिकारियों की कुल संख्या 1,875 है। गत सप्ताह, रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने संसद में कहा था कि वायुसेना में रणनीतिक आवश्यकताओं को देखते हुए महिला लड़ाकू पायलटों को शामिल और तैनात किया गया है। पिछले साल 10 सितंबर को वायुसेना की ‘गोल्डन ऐरो’ स्क्वाड्रन का पुनर्गठन किया गया था।
नौसेना में अब तक महिला अफसरों को फिक्स्ड विंग एयरक्राफ्ट तक सीमित रखा गया था।जिन दो महिला अधिकारियों का चयन किया गया है, अब वो वॉर शिप में तैनात रहने वाले लड़ाकू विमानों को ऑपरेट करेंगी। इससे पहले नौसेना में महिलाओं की एन्ट्री सिर्फ कुछ निश्चित विंग एयरक्राफ्ट तक ही सीमित रहती थी।