पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा, योगी आदित्यनाथ गेरूआ वस्त्र पहन कर सुबह से शाम झूठ बोलते हैं

यूपी के जौनपुर जिले में मल्हनी विधानसभा के उपचुनाव में प्रत्याशी ढूँढने के लिए बनी तीन सदस्यीय कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि केन्द्र एवं उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकारें नौजवान, किसान विरोधी है।साथ ही उन्होंनेे पत्रकारों से हुई वार्ता में कहा कि प्रदेश में तेज गति से अपराध बढ़ रहा है। इसके बाद भी दोनों सरकारों के मुखिया झूठ बोल कर जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री है जिनके जन्मदिन को देश का युवाओं ने बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया है। इसी से अनुमान लगाया जा सकता है कि सरकार कैसी है और उसका कृत्य क्या है।
हमारे हिन्दू धर्म शास्त्र में मान्यता है कि गेरूआ वस्त्र धारण करने के बाद वह व्यक्ति झूठ नहीं बोलेगा लेकिन योगी आदित्यनाथ तो गेरूआ वस्त्र धारण कर सुबह से शाम तक झूठ ही बोलते है। वर्तमान सरकार मानती हैं कि 50 साल बाद कर्मचारी काम करने योग्य नहीं रहता है लेकिन कांग्रेस मानती हैं कि कर्मचारी 65 साल तक पूरी जिम्मेदारी से काम कर सकता है। उन्होंने कहा कि बगैर किसी तैयारी के कोरोना काल में बन्दी का एलान कर देश की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है। आज देश की आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो गयी है दुकान खुलने पर ग्राहक नहीं है। सभी प्राइवेट संस्थान छटनी कर रहे हैं। सरकार खुद आर्थिक संकट के कारण सरकारी कर्मचारियों को बाहर निकालने की योजना बना रही है।आज देश प्रदेश में ऐसी सरकार जो हर तरह से जन विरोधी कहा जाये तो गलत नहीं होगा।