पिथौरागढ़ पुलिस द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 72 वां गणतंत्र दिवस….

आज दिनांक 26 जनवरी 2021 को 72 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सुखबीर सिंह, पुलिस अधीक्षक, जनपद पिथौरागढ़ की मौजूदगी में पुलिस लाईन पिथौरागढ़ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा राष्ट्रीय एकता व अखण्डता की शपथ ली गयी। इसके अतिरिक्त जनपद के सभी थानों/चौकियों/पुलिस कार्यालय/संचार कार्यालय/अग्निशमन केन्द्रों में कार्यालय प्रभारियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता की शपथ ली गयी।

इस अवसर पर पुलिस लाईन पिथौरागढ़ के परेड ग्राउण्ड में भव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया, जिसमें अरविंद पांडेय (विद्यालयी शिक्षा, खेल, कल्याण मंत्री/प्रभारी मंत्री पिथौरागढ़) द्वारा मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की गई। उक्त परेड में राजन सिंह रौतेला पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ द्वारा परेड का नेतृत्व किया गया। द्वितीय कमाण्ड के रूप में उप निरीक्षक संजय कुमार एवं तृतीय कमाण्डर के रूप में उप निरीक्षक दरबान सिंह मेहता, प्रभारी यातायात, द्वारा मुख्य भूमिका निभायी गयी। परेड के दौरान सर्वप्रथम मुख्य अतिथि महोदय द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को फहराया गया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। उक्त परेड में पुलिस रेडियो दूरसंचार सहित जनपद के अन्य विभागों द्वारा मनमोहक झॉकिया प्रस्तुत की गयी। मुख्य अतिथि द्वारा आयोजन में उपस्थित समस्त अधिकारी/कर्चारीगणों, गणमान्य व्यक्तियों एवं समस्त जनता को सड़क- सुरक्षा के नियमों का पालन करने सम्बन्धी शपथ भी दिलाई गई।

उल्लेखनीय है कि माननीय राष्ट्रपति द्वारा गणतंत्र दिवस- 2021 के अवसर पर पुलिस अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक एवं सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है, जिसमें ड्यूटी के दौरान सराहनीय कार्य किए जाने के लिए पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ सुखबीर सिंह को भी पुलिस पदक दिये जाने की घोषणा की गई है।

अन्ततः पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा 26 जनवरी परेड के सकुशल सम्पादन के लिए मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अन्य पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न भेंट कर, पुलिस लाईन पिथौरागढ़ में आये सभी आगन्तुकों का आभार व्यक्त करते हुए गणतन्त्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाऐं दी गई।